झारखंड में चल रहे छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों से व्यक्तिगत रूप से मिलने और उनकी मांगों का समाधान करने की गुज़ारिश की है।
राहुल गांधी ने सीएम सोरेन को सलाह दी कि वे खुद प्रदर्शनकारी छात्रों के प्रतिनिधियों से मिलें, ताकि उनकी चिंताओं को दूर करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ छात्रों का विरोध शांतिपूर्ण रहा है और उनकी मांगें पूरी तरह जायज हैं।
राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि संविधान में निहित शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार लोकतंत्र का एक प्रमुख स्तंभ है। इसके साथ ही उन्होंने इस बात की सराहना की कि झारखंड सरकार ने एक समिति के माध्यम से छात्रों से बातचीत शुरू की है और कई मांगों पर सहमति भी बनी है।
राहुल गांधी ने कहा कि भारत के युवा ही इसका भविष्य हैं। संकट की इस घड़ी में हमें उनके साथ एकजुटता दिखानी चाहिए और उनका समर्थन करना चाहिए। कृपया उनकी बात सुनने और इस मुद्दे के समाधान के लिए उचित कदम उठाने की पूरी कोशिश करें।
छात्र पिछले 24 दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और 15 दिनों से भूखहड़ताल पर है। इस बीच सरकार ने छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से दो दौर की वार्ता भी की। लेकिन इसके बावजूद छात्र आंदोलन खत्म करने को राजी नहीं हैं। उनका कहना है कि जब तक सीजीएल परीक्षा में गड़बड़ी की सीबीआई जांच नहीं होगी, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।









