लखनऊ: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश में हो रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपनी संस्कृति, परंपराओं, लोकभाषा और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और विशिष्ट जीवनशैली में निहित है। भौगोलिक रूप से कहीं भी रहने के बावजूद अपनी मातृभूमि, बोली-भाषा और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जुड़ाव बनाए रखना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित पंडित गोविंद बल्लभ पंत सांस्कृतिक उपवन में उत्तराखण्ड महापरिषद की ओर से आयोजित उत्तराखण्ड महोत्सव-2026 में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि अपनी जड़ों से जुड़ाव भावी पीढ़ियों को अपनी पहचान और विरासत से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की अमूल्य धरोहर हैं और अपनी मेहनत, प्रतिभा व कार्यकुशलता से देश-विदेश में उत्तराखण्ड का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने प्रवासियों से अपने गांवों, स्थानीय उत्पादों, पर्यटन स्थलों और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के विकास में योगदान देने की अपील की। कहा कि प्रदेश सरकार प्रवासी उत्तराखण्डियों को मातृभूमि से जोड़ने और राज्य के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से पिछले तीन वर्षों से प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से प्रवासियों के अनुभव, ज्ञान, कौशल और निवेश का लाभ प्रदेश के विकास में लेने का प्रयास किया जा रहा है।
दोनों राज्यों की प्रगति एक-दूसरे से जुड़ी
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड के संबंधों को सहोदर भाइयों जैसा बताते हुए कहा कि दोनों राज्यों के बीच केवल भौगोलिक और प्रशासनिक संबंध ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और भावनात्मक जुड़ाव भी है। दोनों राज्यों की प्रगति एक-दूसरे से जुड़ी हुई है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास, सुशासन, आधारभूत ढांचे और निवेश के क्षेत्र में हो रहे कार्यों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सड़क, एक्सप्रेसवे, औद्योगिक विकास, पर्यटन, कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक पारदर्शिता को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रयास किए जा रहे हैं। गंगा एक्सप्रेसवे प्रदेश की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने वाला महत्वपूर्ण प्रकल्प है। उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक जोड़ने का अनुरोध किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे उत्तराखण्ड को भी लाभ मिलेगा और दोनों राज्यों के बीच आवागमन, व्यापार, पर्यटन तथा आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में निवेश के बढ़ते अवसरों और पर्यटन क्षेत्र में करीब 38 हजार करोड़ रुपये के निवेश का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रदेश की आर्थिक संभावनाओं और निवेश के अनुकूल वातावरण को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड में विकास की अनेक महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण और बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत श्रद्धालुओं की सुविधाओं, आध्यात्मिक वातावरण और आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे से दोनों शहरों के बीच आवागमन सुगम होगा। इससे पर्यटन, व्यापार, उद्योग और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क का विस्तार और रोपवे परियोजनाएं राज्य के विकास को नई दिशा प्रदान करेंगी।
कार्यक्रम में उत्तराखण्ड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य अतिथि, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखण्डी उपस्थित रहे।







