कोलकाता: आज यानि सोमवार को पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ में तड़के एक होटल में भीषण आग लगने से,7 लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
जिस वक़्त आग लगी उस समय होटल में कई श्रद्धालु और अन्य लोग ठहरे हुए थे। आग लगते ही होटल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग सबसे पहले होटल के रिसेप्शन पर लगी। सुबह-सुबह जब सब लोग गहरी नींद में सो रहे थे तब यह हादसा हुआ। नींद में होने के चलते किसी को आग का पता नहीं चला और आग धीरे-धीरे अलग-अलग हिस्सों में फैल गई।
सावन के पवित्र महीने के सोमवार की वजह से तारापीठ में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। बिहार और झारखंड से हजारों तीर्थयात्री देवघर से सीधे तारापीठ पहुंच रहे हैं, साथ ही दूसरे इलाकों से भी श्रद्धालु आ रहे हैं। इसी वजह से लगभग सभी होटल पूरी तरह भरे हुए हैं। इस होटल में भी तीर्थयात्रियों की काफी भीड़ थी।









