बिहार में विधानसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के एक बयान से हंगामा हो गया है ।उनका एक वायरल वीडियो हो रहा है जिसने सियासी हलचल मचा दी. वीडियो में ललन सिंह द्वारा वोटरों पर की गई टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया. चुनाव आयोग ने उनके बयान की जांच के बाद FIR दर्ज कराई है.
चुनाव आयोग ने कहा, “वीडियो सर्विलांस टीम की फुटेज की जांच पटना जिला प्रशासन द्वारा की गई. जांच के बाद इस मामले में श्री ललन सिंह उर्फ श्री राजीव रंजन सिंह के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है.”
वीडियो को आरजेडी ने अपने ऑफिशियल X हैंडल से पोस्ट किया है. वीडियो शेयर करते हुए आरजेडी ने लिखा, “केंद्रीय मंत्री ललन सिंह चुनाव आयोग की छाती पर बुलडोज़र चढ़ाते हुए कह रहे हैं कि गरीबों को वोटिंग के दिन घर से निकलने नहीं देना है, घर में बंद कर देना है, अगर ज्यादा हाथ पैर जोड़ेगा तो अपने साथ ले जाकर वोट गिराने देना है. कहां है मरा हुआ आयोग?”
वहीं जदयू ने इस मामले पर अपनी सफाई दी थी. पार्टी प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा था कि वायरल वीडियो पूरी तरह से एडिटेड है और इसे गलत संदर्भ में फैलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि ललन सिंह ने किसी वर्ग या व्यक्ति को लेकर ऐसा कोई बयान नहीं दिया.










