लखनऊ: यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 38 IAS अधिकारियों के तबादले कर दिया है। जबकि पांच जिलों के DM भी बदल दिए गए हैं। इसके अलावा 12 ट्रेनी IPS अधिकारियों को भी अलग-अलग जिलों में तैनाती मिली है।
लंबे समय से एक ही पद पर तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, 12 ट्रेनी IPS अधिकारियों को भी अलग-अलग जिलों और पुलिस कमिश्नरेट में प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है।
सरकार ने बिजनौर, सीतापुर, मुजफ्फरनगर, महराजगंज और सिद्धार्थनगर में नए जिलाधिकारी तैनात किए हैं। जोगिंदर सिंह को बिजनौर का डीएम, प्रथमेश कुमार को सीतापुर, सुनील कुमार सिंह को मुजफ्फरनगर, शिवशरणप्पा जीएन को महराजगंज और गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर का जिलाधिकारी बनाया गया है।
सीएम के विशेष सचिव अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद का नगर आयुक्त बनाया गया है। वहीं, गाजियाबाद के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा को नोएडा अथॉरिटी का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। नोएडा अथॉरिटी की ACEO वंदना त्रिपाठी को सहारनपुर मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है।









