पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदी के संगम पर आयोजित होने वाले प्रसिद्ध जौलजीबी मेले का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत शुभारंभ किया।मुख्यमंत्री ने मेले के उद्घाटन के साथ विकास प्रदर्शनी का भी फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपए देने का ऐलान किया।
उद्घाटन समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक बिशन सिंह चुफाल, दर्जा राज्य मंत्री नारायण राम आर्या सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सीमांत क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक व्यापार और पर्यटन की दृष्टि से जौलजीबी मेले के महत्व को रेखांकित किया।
सीएम धामी ने कहा कि सीमांत क्षेत्र की लोक संस्कृति, पारंपरिक खानपान और व्यापारिक गतिविधियों को पहचान दिलाने में भी इस मेले की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मेले के आयोजन से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।









