भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने घोषणा की है कि वह एशिया कप 2025 टूर्नामेंट की अपनी पूरी मैच फीस देश के सशस्त्र बलों और पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों को दान करेंगे. भारत ने रविवार रात रोमांचक फाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर 9वीं बार एशिया कप चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया.
सूर्यकुमार यादव ने जीता दिल
इस रोमांचक जीत के बाद 35 वर्षीय सूर्यकुमार ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, ‘मैंने इस टूर्नामेंट की अपनी मैच फीस हमारे सशस्त्र बलों और पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के परिवारों के समर्थन में दान करने का फैसला किया है. आप हमेशा मेरे विचारों में रहेंगे. जय हिंद’.

भारतीय टीम पर बीसीसीआई ने की पैसों की बरसात
आपको बता दें कि, भारतीय टीम ने एशिया कप 2025 की विनिंग प्राइज मनी लेने से इनकार कर दिया. यहां तक भारतीय टीम ने पाकिस्तान के मोहसिन नक़वी से ट्रॉफी लेने से भी मना कर दिया. इसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने घोषणा की है कि वह भारतीय खिलाड़ियों और अपने सहयोगी स्टाफ को 21 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देगा.








