‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’ का आगाज, सीएम धामी ने ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ का दिया नारा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में आत्मनिर्भर भारत अभियान की औपचारिक शुरुआत की. इस मौके पर उन्होंने अभियान का लोगो और स्लोगन ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ लॉन्च करते हुए इसे विकसित भारत निर्माण का सबसे बड़ा माध्यम बताया.

उत्तराखंड में भी स्वदेशी अभियान को बड़े स्तर पर शुरू किया जा रहा है. आत्मनिर्भर भारत के अंतर्गत संकल्प अभियान की शुरुआत के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे विकसित भारत के लिए बेहद जरूरी बताया. सीएम धामी ने कहा कि स्वदेशी केवल एक नारा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत की नींव है.

यह हमारी सनातन संस्कृति और जीवन पद्धति का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि स्वदेशी का संकल्प हमारे किसानों, कारीगरों, छोटे व्यापारियों और उद्यमियों के प्रति सम्मान है. यह केवल आर्थिक मजबूती का साधन नहीं. बल्कि, मातृभूमि के प्रति हमारा प्रेम और समर्पण भी है.

मिसाइल से लेकर यूपीआई तक स्वदेशी का दबदबा: सीएम धामी ने कहा कि आज स्वदेशी का स्वरूप खादी और दीयों तक सीमित नहीं. बल्कि, ब्रह्मोस मिसाइल, तेजस विमान, सेमीकंडक्टर, डिजिटल इंडिया और यूपीआई तक फैला है. कोरोनाकाल में वैक्सीन और पीपीई किट निर्माण भारत की स्वदेशी ताकत का उदाहरण है.

उत्तराखंड के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ अंब्रेला ब्रांड और ‘एक जिला दो उत्पाद’ जैसी योजनाओं के जरिए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है. किसानों और काश्तकारों की ओर से शहद, मंडुआ, झंगोरा, मसाले और औषधीय पौधों की खेती आत्मनिर्भर भारत की यात्रा को गति दी जा रही है.

सीएम धामी से लोगों से आह्वान किया कि त्योहारों से लेकर विवाह तक हमें स्वदेशी को प्राथमिकता देनी चाहिए. व्यापारी भी गर्व से कहें यह स्वदेशी है. यही सामूहिक प्रयास भारत को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने में सहायक होगा. उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि हम सभी मिलकर पीएम मोदी के ‘मेक इन इंडिया’, ‘मेक फॉर द वर्ल्ड’ मंत्र को अपनाएं.

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial