रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार शाम बड़ा हादसा हो गया. एक निजी स्टील फैक्ट्री गोदावरी इस्पात लिमटेड प्लांट में लोहे का गर्म ढांचा भरभरा कर गिर गया. इस दुर्घटना में छह मजदूरों की मौत हो गई और 6 मजदूर घायल हैं. जिसमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है. घायल मजदूरों को राजधानी के देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है.
जानकारी के मुताबिक स्टील फैक्ट्री में मेंटेनेंस का काम चल रहा था हादसे के वक्त जनरल मैनेजर लेवल के अधिकारी भी मौजूद थे. इनमें से कुछ अधिकारियों की हालत गंभीर है. हादसे में छत्तीसगढ़, झारखंड, आंध्रप्रदेश के कर्मचारी भी शामिल हैं, जिसमें डिप्टी लेवल के कर्मचारी फोरमैन और सफाई कर्मचारी भी मौजूद थे.
रायपुर पुलिस ने घटना की पुष्टि की: रायपुर पुलिस इस घटना की पुष्टि की है. रायपुर पुलिस के एसएसपी लाल उमेद सिंह ने कहा कि यह घटना राजधानी के धरसीवा थाना के सिलतरा इंडस्ट्रियल एरिया में हुई है. हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची. घटनास्थल पर अफरा तफरी का माहौल था. मौके पर बचाव अभियान शुरू किया गया.
सीएम विष्णुदेव साय ने हादसे पर जताया दुख: सीएम विष्णुदेव साय ने रायपुर के सिलतरा स्थित फैक्ट्री हादसे पर दुख जताया. उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- सिलतरा प्लांट दुर्घटना में छः श्रमिकों की मृत्यु और कई श्रमिकों के घायल होने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई है. जिला प्रशासन को घायलों के इलाज की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ है. ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने व घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.”









