बिहार के गया में रील्स बनाने के चक्कर में पांच किशोर काल के गाल में समा गए. गयाजी के खिजरसराय थाना क्षेत्र में नदी में डूबने से पांच किशोर की मौत हो गई है. जानकारी के अनुसार सभी स्कूल से पढ़कर लौट रहे थे. वहीं दो की हालत गंभीर है, जबकि दो सुरक्षित हैं.
5 की डूबने से मौत: सभी किशोर खिजरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत केनी नदी में स्नान करने लगे. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार सभी लड़के रील्स बनाने में भी मशगूल हो गए थे. रील्स बनाने के चक्कर में नदी के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे.
रील्स बनाने के दौरान हादसा: डूबने के दौरान खुद को बचाने के लिए सभी ने शोर मचाया. यह देखकर स्थानीय ग्रामीण दौड़े और सभी लड़कों को बचाने की कोशिश की. सभी को किसी तरह से ग्रामीणों ने नदी से बाहर निकाला, लेकिन पांच की मौत हो गई.
दो की हालत नाजुक: वहीं, दो की स्थिति गंभीर है. पांच लड़कों के मौत की जानकारी होते ही उनके परिजनों में चीत्कार मच गया. जानकारी के अनुसार सभी मृतक बेलागंज थाना अंतर्गत छोटकी मस्जिद बेला के रहने वाले थे. यह घटना बेलागंज और खिजरसराय थाना के सीमा पर हुई है. मृतक बेलागंज थाना क्षेत्र के रहने वाले थे.










