दौसा : दौसा जिले में बुधवार अलसुबह को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया. दौसा-मनोहपुर रोड पर बापी के पास एक कंटेनर और यात्री पिकअप की जोरदार भिड़ंत में 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, एक महिला ने एसएमएस में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. एसएमएस अस्पताल में 8 घायल मरीजों का इलाज चल रहा है, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे में 20 से अधिक लोग घायल हो गए हैं. मृतकों में 4 महिलाएं और 7 बच्चे शामिल हैं.
जिला प्रशासन ने की पुष्टि : दौसा जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, बापी के पास हुए एक हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई है. 9 लोगों को इलाज के लिए रेफर किया गया है और 3 का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है. यह दुर्घटना एक यात्री पिकअप और कंटेनर के बीच हुई है।
सीएम-डिप्टी सीएम ने जताया दुख : सीएम भजनलाल ने एक्स पर पोस्ट कर हादसे को लेकर दुख जताया. उन्होंने लिखा कि दौसा में भीषण सड़क हादसे में जनहानि का समाचार अत्यंत दु:खद है. जिला प्रशासन को घायलों का त्वरित एवं समुचित उपचार सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है. वहीं, डिप्टी सीएम प्रेम चंद बैरवा ने भी लिखा कि दौसा में हुए भीषण सड़क हादसे में जनहानि होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है. घायलों के शीघ्र व समुचित उपचार के लिए दौसा जिला प्रशासन को निर्देशित किया गया है. संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं.










