पीएम मोदी ने किया द्वारका एक्सप्रेसवे का उद्घाटन, बोले- हम भारत को विकसित बनाने में जुटे, जो लोग संविधान को सिर पर रखकर नाचते हैं, उन्होंने संविधान को रौंदा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली: रोहिणी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार 17 अगस्त 2025 को दो प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन किया. द्वारका एक्सप्रेसवे के दिल्ली खंड और शहरी विस्तार सड़क-II (UER-II) को पीएम ने जनता के लिए समर्पित किया. उद्घाटन से पहले पीएम मोदी ने रोड शो भी किया.

राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन: उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने कहा “इस एक्सप्रेसवे का नाम द्वारका है, जिस स्थान पर ये कार्यक्रम हो रहा है. वो रोहिणी है. मैं भी द्वारकाधीश की धरती से ताल्लुक रखता हूं. पूरा माहौल बहुत कृष्णमय हो गया है.”

दिल्ली एनसीआर में कम होगा ट्रैफिक’: पीएम ने कहा “यह अगस्त महीना आज़ादी और क्रांति के रंगों में रंगा है. आज़ादी के इस उत्सव के बीच, आज देश की राजधानी दिल्ली, विकास की क्रांति की साक्षी बन रही है. थोड़ी देर पहले ही दिल्ली को द्वारका एक्सप्रेसवे और अर्बन एक्सटेंशन रोड की कनेक्टिविटी मिली है. इससे दिल्ली, गुरुग्राम, पूरे एनसीआर के लोगों की सुविधा बढ़ेगी. 15 अगस्त को लाल किले से मैंने देश की अर्थव्यवस्था, देश की आत्मनिर्भरता और देश के आत्मविश्वास की बात पूरे विश्वास के साथ कही थी. जब दुनिया भारत को देखती है और उसका मूल्यांकन करती है, तो उसकी पहली नज़र हमारी राजधानी दिल्ली पर पड़ती है. इसलिए, हमें दिल्ली को विकास का एक ऐसा मॉडल बनाना है, जहां सभी को लगे कि हां, यह एक विकासशील भारत की राजधानी है.”

दिल्ली से कम होंगे कूड़े के पहाड़’: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा “अर्बन एक्सटेंशन रोड की एक और विशेषता है, यह दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों से मुक्त करने में मदद कर रही है। अर्बन एक्सटेंशन रोड के निर्माण में लाखों टन कचरे का इस्तेमाल किया गया है। कूड़े के पहाड़ों को कम करके, अपशिष्ट पदार्थों का उपयोग सड़क बनाने में किया गया है, और यह वैज्ञानिक तरीके से किया गया है। भलस्वा लैंडफिल पास में ही स्थित है। हम सभी जानते हैं कि यहां आसपास रहने वाले परिवारों के लिए कितनी समस्याएं हैं। हमारी सरकार दिल्ली के लोगों को ऐसी हर समस्या से मुक्त करने में लगी हुई है.”

कांग्रेस पर जमकर बरसे पीएम मोदी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा “जो लोग संविधान को सिर पर रखकर नाचते हैं, उन्होंने किस तरह संविधान को रौंदा, किस तरह बाबा साहेब की भावनाओं के साथ विश्वासघात किया, आज मैं आपको वो सच्चाई बताने जा रहा हूँ। दिल्ली में सफाई कर्मचारियों के लिए एक खतरनाक कानून था। दिल्ली नगर निगम अधिनियम में प्रावधान था कि अगर कोई सफाई कर्मचारी बिना बताए काम पर नहीं आता है, तो उसे एक महीने की जेल हो सकती है। आज सामाजिक न्याय की बड़ी-बड़ी बातें करने वालों ने देश में ऐसे कई नियम और कानून बनाए हैं। ये मोदी ही हैं जो अथक प्रयास करके ऐसे अन्यायपूर्ण कानूनों को ढूंढ-ढूंढकर खत्म कर रहे हैं और ये अभियान अनवरत जारी है.”

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial