कोलकाता: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के बीच टकराव बढ़ता ही जा रहा है। तृणमूल कांग्रेस के कोलकाता वाले कार्यालय पर बागी विधायकों ने कब्जा कर लिया है। शुक्रवार को पार्टी के बागी विधायकों ने टीएमसी पर अपना अधिकार मजबूत करने के लिए कोलकाता के मेट्रोपॉलिटन स्थित पार्टी मुख्यालय पर कब्जा कर लिया। ऋतब्रत बनर्जी और उनके समर्थकों ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय पहुंचकर वहां पर बैठक की।
इतना ही नहीं नेताओं ने कार्यालय के ताले बदल दिए और बाहर लगे कटआउट्स की जगह भी दूसरे कटआउट्स लगा दिए हैं। इन पर ममता बनर्जी की तस्वीर नहीं थी। हालांकि, अंदर ममता बनर्जी के कटआउट को अभी नहीं हटाया गया है।
इस दौरान इन नेताओं ने दावा किया कि असली तृणमूल कांग्रेस वही हैं। मीडिया से बात करते हुए ऋतब्रत बनर्जी की तरफ से कहा गया कि अब वह यहीं से काम करेंगे और यही तृणमूल कांग्रेस का मुख्यालय रहेगा। पार्टी नेता अखरुज्जमान ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “हम ही तृणमूल कांग्रेस हैं और यह कार्यालय तृणमूल कांग्रेस का है।
वहीं ऑफिस पर कब्जा किए जाने के बाद टीएमसी नेता कुणाल घोष ने कहा, आज जिन लोगों ने तृणमूल भवन में जबरन घुसकर ताला लगाया, उनके खिलाफ हमने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। परिसर में ताला लगाने की कोई जरूरत नहीं थी। पार्टी से निकाले गए लोगों को कार्यालय में प्रवेश करने का कोई अधिकार नहीं है।









