नई दिल्ली: राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन ने आज यानि सोमवार को आम आदमी पार्टी के सात सांसदों के भाजपा में विलय को मंजूरी दे दी है। इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। जिसमें बीजेपी सांसदों की लिस्ट में इन 7 नेताओं का नाम शामिल है।
अब राज्यसभा में अरविंद केजरीवाल की पार्टी के सांसदों की संख्या घटकर तीन रह गई है। इस बदलाव के बाद, राज्यसभा में बीजेपी के सांसदों की संख्या बढ़कर 113 हो गई है।
बता दें, राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, संदीप पाठक, विक्रमजीत साहनी, स्वाति मालीवाल और राजिंदर गुप्ता वे सात सांसद हैं जिन्होंने विलय किया है।
इससे पहले आम आदमी पार्टी ने रविवार को राज्यसभा चेयरमैन के सामने एक पिटीशन दी थी, जिसमें उन सात सांसदों की मेंबरशिप खत्म करने की मांग की गई थी, जिन्होंने पार्टी बदल ली थी। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि उन्होंने चेयरमैन राधाकृष्णन को एक पिटीशन दी है जिसमें राज्यसभा में पार्टी के उन सात सांसदों को अयोग्य करने की मांग की गई है, जिन्होंने हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में विलय का ऐलान किया था।









