नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनका फोन टैप करवा रहे हैं। राहुल गांधी ने यह बयान सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो के माध्यम से दिया।
राहुल गांधी ने अपने फोन को दिखाते हुए कहा कि उनके द्वारा लगाए गए सभी आरोपों के सबूत उनके फोन में मौजूद हैं और प्रधानमंत्री को इसकी जानकारी है क्योंकि वे उनका फोन टैप करवा रहे हैं।
राहुल गांधी ने एक बार फिर पीएम मोदी को बहस की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि बहस के बाद यह साफ हो जाएगा कि कौन विदेशी ताकतों के नियंत्रण में है और कौन देश विरोधी गतिविधियों में शामिल है।
इससे पहले भी राहुल गांधी फोन टैपिंग का मुद्दा उठा चुके हैं। राहुल ने अपना फोन दिखाते हुए दावा किया था कि उनकी जासूसी की जा रही है। अब एक बार फिर उन्होंने फोन टैपिंग का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री को आमने–सामने बहस की चुनौती दी है।









