खटीमा: सीएम पुष्कर सिंह धामी एक दिवसीय दौरे पर चंपावत के लोहाघाट पहुंचे. लोहाघाट पहुंचकर उन्होंने करीब 256 करोड़ की लागत से बन रहे प्रदेश के पहले बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से निर्माण संबंधी जानकारी ली. साथ ही निर्माण कार्य को गुणवत्ता पूर्वक और समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए.
सीएम धामी ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय पर महिला खिलाड़ी इस कॉलेज से निकल राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगी. इसके बाद सीएम धामी लोहाघाट के रामलीला मैदान में आयोजित होली मिलन समारोह में पहुंचे. जहां उन्होंने कुमाऊं की प्रसिद्ध खड़ी होली में शामिल होकर होलियारों के संग नृत्य किया. कुमाऊं की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए सीएम धामी ने होली समिति की प्रशंसा भी की.
सीएम धामी का कांग्रेसियों ने किया विरोध: वहीं, चंपावत दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध किया. लोहाघाट में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सीएम धामी के खिलाफ नारे लगाए. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस में जोरदार गुत्थम गुत्था भी देखने को मिली.
इस दौरान पुलिस व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार झड़प हो गई. कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के खिलाफ नारे लगाते रहे. कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन चंपावत भेजा. इस दौरान स्टेशन बाजार में भारी हंगामा देखने को मिला.










