नई दिल्ली: FICCI के शताब्दी वार्षिक सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 12 सालों में भारत की आर्थिक और सामाजिक उपलब्धियां गिनाईं। ‘भारत 2047′ थीम पर आधारित इस सम्मेलन में उन्होंने कहा कि सही नीतियों और इरादों के दम पर भारत ने दुनिया की सबसे तेज प्रगति करने वाले देश के रूप में पहचान बनाई है।
विश्व बैंक की ताजा रिपोर्ट का हवाला देते हुए पीएम मोदी ने बताया कि महज 12 से 13 वर्षों में देश के करीब 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने इसे देशवासियों, किसानों, श्रमिकों और युवाओं के परिश्रम का परिणाम बताया।
भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है, जो कभी ‘फ्रैजाइल फाइव’ में गिना जाता था। उन्होंने कहा कि वैश्विक रेटिंग एजेंसियां भारत की तरक्की की सराहना कर रही हैं।
उन्होंने 1970 के दशक के ‘गरीबी हटाओ’ नारे का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी देश की आबादी करीब 50 करोड़ थी। अगर उस दौर में सही नीतियां अपनाई गई होतीं तो गरीबी कम करने की दिशा में बड़े नतीजे मिल सकते थे।
उन्होंने कारोबारियों और उद्योगपतियों से अगले 20 वर्षों के लिए अपनी प्राथमिकताएं तय करने की अपील की। पीएम ने कहा कि सभी को मिलकर 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य में योगदान देना होगा।








