नई दिल्ली: मनी लॉन्ड्रिंग मामले में समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान को बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम जमानत पर दखल देने से इंकार कर दिया है। आज 19 नवंबर को जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी वराले की पीठ ने इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा दी गई अंतरिम जमानत में दखल देने से इंकार करते हुए प्रवर्तन निदेशालय की याचिका का निपटारा कर दिया है।
जस्टिस एमएम सुंदरेश की पीठ ने स्पष्ट किया कि चूंकि हाईकोर्ट का आदेश केवल एक अंतरिम राहत है, इसलिए सुप्रीम कोर्ट इसमें हस्तक्षेप करने का इच्छुक नहीं है।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हाईकोर्ट की टिप्पणियां केवल ‘प्रथम दृष्टया’ हैं और मामले के अंतिम फैसले पर इनका कोई असर नहीं पड़ेगा। कोर्ट ने अपने आदेश में एएसजी की इस आपत्ति को दर्ज करते हुए याचिका का निपटारा कर दिया।
बता दें कि आजम खान को मनी लॉन्ड्रिंग केस में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने अंतरिम जमानत दी है और ईडी ने उसी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, जिसे गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया है।








