कोलकाता: शुभेंदु अधिकारी के काफिला पर हमला, अमित शाह ने मांगी रिपोर्ट, तृणमूल कांग्रेस ने कहा “प्रायोजित ड्रामा”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोलकाता: मेदिनीपुर के चंद्रकोना रोड पर भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के काफिले पर हुए कथित हमले ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है. इस घटना के बाद, राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी करीब छह घंटे तक थाने में धरने पर बैठे रहे. केंद्रीय गृह मंत्रालय इस मामले को लेकर सक्रिय हो गया. इस बीच, तृणमूल कांग्रेस ने भी इस घटना को लेकर गरबेटा पुलिस स्टेशन में शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है.

सूत्रों के अनुसार, अमित शाह के मंत्रालय ने पहले ही इस घटना पर रिपोर्ट मांग ली है. दूसरी ओर, सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने पलटवार करते हुए इस पूरी घटना को “प्रायोजित ड्रामा” और “बीजेपी का आंतरिक कलह” करार दिया है.

 शुभेंदु अधिकारी का आरोप है कि पुलिस की निष्क्रियता का फायदा उठाकर सत्ताधारी दल के संरक्षण में पल रहे बदमाशों ने उनके वाहन पर हमला किया.

शनिवार रात पुरुलिया से लौटते समय चंद्रकोना रोड पर प्रदर्शनकारियों ने शुभेंदु की कार को घेर लिया था. आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में ही तृणमूल कार्यकर्ताओं ने उन पर लाठी-डंडों से हमला किया. इसके विरोध में उन्होंने चंद्रकोना रोड पुलिस चौकी पर लंबा धरना दिया. शुभेंदु अधिकारी ने चेतावनी दी कि वे कलकत्ता उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे.

दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने विपक्ष के नेता के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए खारिज कर दिया है. तृणमूल के राज्य उपाध्यक्ष जयप्रकाश मजूमदार ने इस घटना को एक “नाटक” करार दिया. उन्होंने कहा, “इस मामले में गृह मंत्री का अपनी ही पार्टी से रिपोर्ट मांगना कोई नई बात नहीं है!”

उन्होंने सवाल उठाया, “गृह मंत्रालय ने शुभेंदु अधिकारी की सुरक्षा के लिए पर्याप्त केंद्रीय बल मुहैया कराए हैं. बड़े हथियारों से लैस 30-40 जवान उन्हें घेरे रहते हैं. इसके बावजूद, क्या वे तब डर गए जब 10-12 आम लोगों या तृणमूल कार्यकर्ताओं ने आकर नारेबाजी की?” TMC का दावा है कि ये सारी स्थितियां केवल आम लोगों के जीवन को बाधित करने और जिले में अस्थिरता पैदा करने के लिए रची जा रही हैं.

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial