बिहार विधानसभा चुनाव में भले ही जन सुराज को सफलता नहीं मिली हो, पर प्रशांत किशोर पीछे हटते हुए नहीं दिखाई पड़ रहे हैं. उनके अभियान को आर्थिक परेशानी नहीं हो इसको लेकर उन्होंने जन सुराज से जुड़े लोगों को एक-एक हजार रुपये पार्टी फंड में मदद करने की अपील की है.
मीडिया को संबोधित करते हुए पीके ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति जन सुराज से जुड़ा है, तो वह संगठन को एक हजार रूपये का योगदान दे सकता है. अगर एक करोड़ लोग भी 1-1 हजार रुपया दे तो काफी होगा. इस प्रकार अगर एक करोड़ लोग 1-1 हजार रुपया जन सुराज को देंगे तो कुल 10 अरब रुपये जमा हो जाएंगे.
पीछे हटने वाले नहीं हैं हम लोग: प्रशांत किशोर ने कहा कि सरकार ने छल किया है. हर उस व्यक्ति को मंत्री बनाया है, जिसपर भ्रष्टाचार के बड़े आरोप लगे हैं. जो आपराधिक छवि के व्यक्ति हैं. जन सुराज चुनाव नहीं हारा है. जन सुराज की सोच को कुचलने का प्रयास किया गया है. हमलोगों के मनोबल को तोड़ने का प्रयास किया गया है. प्रयास है कि जन सुराज के लोग हतोत्साहित होकर छोड़कर भाग जाएं लेकिन हमलोग पीछे हटने वाले नहीं हैं।
दरअसल प्रशांत किशोर भितिहरवा गांधी आश्रम में एक दिवसीय मौन अनशन के बाद समर्थक और संवाददाताओं से मुखातिब हुए थे. पीके ने घोषणा की है कि वे 15 जनवरी से बिहार संकल्प यात्रा की शुरुआत करेंगे. इस यात्रा के दौरान वे राज्य के 1 लाख 18 हजार वार्डों में उन महिलाओं से मुलाकात करेंगे, जिन्हें सरकार द्वारा 10 हजार रूपये की राशि मिली है. इसके साथ ही उन्हें बिहार सरकार की ओर से दिए जाने वाले 2 लाख के लाभ के लिए फॉर्म भरवाने का कार्य भी करेंगे.










