नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि वह जेनरेशन जेड (GenZ) और भारत के युवाओं को यह साबित करेंगे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावों में धांधली करके प्रधानमंत्री बने हैं.
यहां पत्रकारों से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस देश के युवाओं और जनरेशन जेड को स्पष्ट रूप से दिखाएगी कि भाजपा कैसे चुनाव ‘चुराती’ है. उन्होंने आरोप लगाया कि उसने हरियाणा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी ऐसा किया है.
वहीं, भाजपा ने बड़े पैमाने पर वोट चोरी के राहुल के आरोप को झूठा और निराधार बताते हुए खारिज कर दिया है. भाजपा ने कांग्रेस नेता पर अपनी नाकामियों को छिपाने और देश के लोकतंत्र को बदनाम करने के लिए चुनाव आयोग पर सवाल उठाने का आरोप लगाया है. पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि मतदाता चोरी का पर्दाफाश करने की प्रक्रिया जारी है.
राहुल गांधी ने कहा कि, वोट चोरी को पर्दाफाश करने के लिए उनके पास बहुत सारी सामग्री है. राहुल ने आरोप लगाया, “भारत की जनरेशन जेड, यानी युवाओं को स्पष्ट रूप से दिखाएंगे कि नरेंद्र मोदी चुनाव चुराकर प्रधानमंत्री बने हैं और भाजपा चुनाव चुराती है… हम यह स्पष्ट रूप से बताएंगे, इसमें कोई संदेह नहीं रहेगा.”
बुधवार को अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस का जिक्र करते हुए, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि ‘पिछले साल हरियाणा विधानसभा चुनाव में धांधली हुई थी’, राहुल गांधी ने कहा कि, हरियाणा चुनाव कोई चुनाव नहीं था. यहां बड़े पैमाने पर चोरी हुई है.”
राहुल गांधी ने संवाददाताओं से कहा कि, उन्हें ध्यान देना चाहिए कि उनके द्वारा लगाए गए सभी आरोप, फर्जी वोट, फर्जी तस्वीरें पर चुनाव आयोग की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. उन्होंने आरोप लगाया कि, भाजपा चुनाव आयोग का बचाव कर रही है. लेकिन, वे उनकी बातों का खंडन नहीं कर रहे हैं. चुनावी सूची के आंकड़ों का हवाला देते हुए राहुल गांधी ने दावा किया था कि 25 लाख प्रविष्टियां फर्जी थीं और चुनाव आयोग ने भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए भाजपा के साथ मिलीभगत की थी.
नरेंद्र मोदी, अमित शाह और चुनाव आयोग मिलकर कर रहे संविधान पर हमला:
लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि मीडिया ब्राजीलियाई मॉडल के यहां मतदान करने जैसे छोटे-मोटे उदाहरण पेश कर रहा है. राहुल गांधी ने कहा कि, हकीकत यह है कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और चुनाव आयोग मिलकर संविधान पर हमला कर रहे हैं. राहुल गांधी ने कहा कि संविधान कहता है, एक व्यक्ति, एक वोट, लेकिन हरियाणा दिखाता है कि हरियाणा में एक व्यक्ति, एक वोट जैसा कोई प्रावधान नहीं था.
उन्होंने हरियाणा का जिक्र करते हुए दावा किया कि, एक आदमी ने कई वोट डाले. एक ब्राजीलियाई महिला ने वोट डाला. एक महिला के पास एक ही मतदान केंद्र पर 200 तस्वीरें थीं. राहुल गांधी ने कहा कि, यही काम बिहार में होने जा रहा है. मीडिया रिपोर्टों में ब्राजीलियाई महिला लारिसा नेरी के हवाले से बताया गया है कि वीडियो में प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाई गई तस्वीर उनकी पुरानी है.










