श्रीकाकुलम: आंध्र प्रदेश में श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़ मचने से 10 लोगों की जान चली गई. वहीं, कई घायल बताए जा रहे हैं. खबर के मुताबिक, नवनिर्मित मंदिर में लोहे की रेलिंग गिरने से बड़ा हादसा हो गया. पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है. वहीं, मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने मंदिर में हुई भगदड़ पर गहरा दुख जताया है.
यह घटना उस समय हुई जब एकादशी के अवसर पर मंदिर में हजारों की संख्या में भक्तों की भीड़ जमा हुई थी. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई. वहीं, घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया.
श्रीकाकुलम स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई भगदड़ से उन्हें बहुत दुख हुआ. उन्होंने कहा, “मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द स्वस्थ हों.”
पीएम मोदी ने कहा कि, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे.
राज्य के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि, उन्हें वेंकटेश्वर मंदिर में हुई भगदड़ की घटना से गहरा दुख हुआ है. उन्होंने कहा कि, इस दुखद घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु अत्यंत हृदयविदारक है.
सीएम ने कहा, “मैं मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं.” उन्होंने अधिकारियों से घायलों का शीघ्र और उचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही उन्होंने स्थानीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया है कि वे घटनास्थल का दौरा करें और राहत कार्यों का निरीक्षण करें.










