मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में बुधवार को खेत पर काम कर रहे बुजुर्ग किसान पर अचानक सांड़ ने हमला कर दिया. सांड़ ने किसान को सींग से उठाकर कई बार पटका. इस वजह से किसान की मौत हो गई. जब ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर दौड़े तो सांड़ भाग गया. ग्रामीण बुजुर्ग को अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
परतापुर थाना क्षेत्र के बराल गांव में किसान दलवीर सिंह (55) रहते थे. उनके परिजनों के मुताबिक वह खेत में अपनी पत्नी राजेंद्री देवी के साथ पशुओं के लिए चारा काट रहे थे. अचानक एक सांड़ वहां आ गया. सांड़ को भगाने के लिए दलवीर सिंह जैसे ही आगे बढ़े तो सांड़ ने अचानक उन पर हमला बोल दिया. सांड़ ने उन्हें कई बार उठाकर पटका. वहीं पत्नी के चिल्लाने पर ग्रामीण लाठी डंडे लेकर दौड़े. इस दौरान भीड़ को देखकर सांड़ भाग गया. ग्रामीण दलवीर को लेकर अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
परिजनों के मुताबिक दलवीर सिंह को जब सांड़ पटक रहा था तो वहीं से गुजर रहे महरौली गांव के शमशाद ने उसे भगाने का प्रयास किया. इस दौरान सांड़ ने उस पर भी हमला कर दिया. इस हमले में शमशाद और उनकी पत्नी भी घायल हो गईं. दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस के सामने आक्रोशित किसानों ने नाराजगी जताई. आवारा जानवरों को लेकर किसान नाराज दिखे.
किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष गौरव चौधरी ने कहा कि किसानों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. फसलें बर्बाद हो रहीं है. किसानों की मौत हो रही है. उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन 17 अक्टूबर से जिला मुख्यालय पर आवारा जानवरों के आतंक के खिलाफ प्रदर्शन करेगी. उनकी मांग थी आवारा पशु किसानों की जान ले रहे हैं. प्रशासन को जरूरी कदम उठाने चाहिए.










