देवबंद- : अफगानिस्तान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्तकी आज इस्लामिक शिक्षण संस्थान दारुल उलूम देवबंद के दौरे पर आ रहे हैं. यहां वह दारुल उलूम का दौरा करेंगे और दारुल उलूम प्रबंधन से मुलाकात करेंगे. दारुल उलूम प्रबंधन ने मुत्तक़ी के स्वागत की सभी तैयारियां पूरी कर ली है.
पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. खुफिया विभाग भी हर गतिविधि भी नजर बनाये हुए है. ऐसा पहली बार हो रहा है जब अफगानिस्तान के विदेश मंत्री भारत के साथ फतवो की नगरी दारुल उलूम देवबंद पर आ रहे हैं.
उनके स्वागत के लिए बैनर लगाए गए हैं. मुत्तक़ी के स्वागत के लिए परिसर स्थित गोलाकार पुस्तकालय में एक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया है. अफगानी मंत्री गोलाकार पुस्तकालय में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. प्रबंधन के मुताबिक़ मुत्तक़ी दारुल उलूम में पढ़ने वाले अफगानी छात्रों से मुलाक़ात करेंगे.
12 बजे पहुंचेंगे देवबंद: जानकारी के मुताबिक वह अपराह्न करीब 12 बजे देवबंद पहुंचेंगे. वह यहां दारुल उलूम में मोहतमिम मौलाना अबुल कासिम नोमानी और जमीयत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी से मुलाकात करेंगे. इसके बाद वह गोलाकार लाइब्रेरी में स्वागत कार्यक्रम में शिरकत करेंगे.










