नई दिल्ली: NPCI और RBI ने डिजिटल पेमेंट की दुनिया में एक बड़ा बदलाव किया है और UPI से पेमेंट ट्रांजैक्शन के लिए पिन डालने की जरूरत को खत्म कर दिया है. पिन जगह अब यूजर्स यह काम फोन के फिंगरप्रिंट स्कैनर या फेस अनलॉक की मदद से कर सकेंगे. इसका सबसे ज्यादा फायदा उन लोगों को होगा, जो कि UPI ऐप्स के जरिए पेमेंट करने में सहज महसूस नहीं करते या फिर जिन लोगों को बार-बार पिन डालना झंझट लगता है.
हालांकि, यूजर चाहे, तो वह अब भी पहले की तरह ही पिन डाल कर पेमेंट कर सकता है. यानी बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन के साथ-साथ पिन डालने की सुविधा भी जारी रहेगी. वहीं, जो लोग नए फीचर का इस्तेमाल करना चाहते हैं वह अपने फोन के फिंगरप्रिंट स्कैनर या फेस आईडी की मदद से पेमेंट कर सकेंगे.
बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन के जरिए पेमेंट कैसे करें?
सबसे पहले अपने UPI ऐप पर जाएं और पेमेंट करना शुरू करें. इसके लिए आप QR कोड स्कैन कर सकते हैं या फिर UPI ID का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके बाद वह राशि चुनें, जो आप पेमेंट करना चाहते हैं. इसके बाद जब आपसे पिन डालने के लिए कहा जाए, तो वहां आप ‘बायोमेट्रिक का इस्तेमाल करें’ या ‘Use Biometric’ का ऑप्शन चुनें.
अब आपको अपने स्मार्टफोन में फिंगरप्रिंट या फेस अनलॉक का इस्तेमाल करना होगा. इसके बाद पेमेंट कंफर्म कर दें. पेमेंट कंफर्म करते ही आपका पेमेंट पूरा हो जाएगा और स्क्रीन पर कन्फर्मेशन मैसेज आ जाएगा. गौरतलब है कि शुरुआत में यह सुविधा सिर्फ 5,000 रुपये तक के पेमेंट के लिए सीमित है. इससे ज्यादा रकम भेजने के लिए आपको पिन ही डालना होगा.
5000 रुपये से ज्यादा क्यों नहीं कर सकते पेमेंट?
दरअसल, यह कदम बड़ी रकम के लेनदेन को सुरक्षित बनाने के लिए किया गया है, क्योंकि यह एक नई तकनीक है और यह पेमेंट के लिए आपके आधार से लिंक्ड बायोमेट्रिक डेटा को मिलान करती है.
क्या है इसका फायदा?
इस फीचर के आने से आपको पिन याद रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसके अलावा इस सुविधा के आने से आपका पिन चुराने गुंजाइश खत्म हो जाएगी. साथ ही इससे गलत पिन डालने से पेमेंट फेल होने का खतरा खत्म हो जाएगाी. इतना ही नहीं इसकी वजह से पेमेंट काफी तेजी से हो पाएंगे. ऐसे में दुकानों, मॉल्स और भीड़भाड़ वाली जगहों पर लोगों का पेमेंट करने में काफी समय बचेगा.










