प्रयागराजः माफिया अतीक अहमद के ड्रीम प्रोजेक्ट अलीना सिटी फेज-1 और फेज-2 की 50 बीघा जमीन पर प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने बुलडोजर चलाया है. अतीक अहमद के ही गुर्गों ने अवैध प्लाटिंग कर दी थी. पीडीए ने अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ धूमनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है. पुलिस ने केस रजिस्टर्ड कर जांच शुरू कर दी है.
प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) वीसी डॉ. अमित पाल शर्मा ने बताया कि की टीम शुक्रवार को भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जेसीबी से पूरी अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया.
अतीक ने कई साल पहले बनाई थी योजनाः बता दें कि अतीक अहमद ने कई साल पहले दामूपुर गांव के आसपास अलीना सिटी को दो चरणों में और अहमद सिटी को एक चरण में विकसित करने की योजना बनाई थी. इसके बाद वहां प्लाटिंग शुरू कराई गई थी. बिजली विभाग की ओर से सरकारी खंभे लगाए गए थे और सड़कें भी बना दी गई थीं. वर्ष 2018 में शिकायत मिलने पर यह पूरा मामला एसटीएफ को जांच के लिए सौंपा गया था. जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए थे. इसके बाद बुलडोजर चलाकर निर्माण ध्वस्त किया गया था. हाल के दिनों में अतीक के करीबियों ने फिर से अलीना सिटी फेज-1 और फेज-2 में प्लाटिंग शुरू कर दी थी.
शिकायत पर एक्शनः डॉ. अमित पाल शर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने पर पीडीए ने जांच की और कार्रवाई का निर्णय लिया. शुक्रवार को पीडीए के जोनल अधिकारी द्वितीय, अवर अभियंता रूपेश पटेल, लेखपाल ऋतुकेश और अंशुमान सिंह के नेतृत्व में टीम पुलिस बल व मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण गिरा दिया. अवैध प्लाटिंग में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है.
नेटवर्क पर अब तक 2 हजार करोड़ की चोटः प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने पूर्व सांसद व माफिया अतीक अहमद व उससे जुड़े लोगों के खिलाफ “ऑपरेशन नेस्तनाबूद” के तहत अब तक 2000 करोड़ रूपये की आर्थिक चोट पहुंचाई है. अतीक अहमद और उसके गुर्गों के घर और प्रापर्टी पर बुलडोजर एक्शन हुआ है. उनके अवैध प्रापर्टी सील या जमींदोज की गई है. योगी सरकार की इस कार्रवाई ने अतीक अहमद के गुर्गों की भी कमर तोड़कर रख दी है.








