नई दिल्ली: कांग्रेस ने पूर्व एबीवीपी नेता की राहुल गांधी पर की गई विवादास्पद टिप्पणी को लेकर भाजपा-आरएसएस पर निशाना साधा है. कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि जो लोग वैचारिक लड़ाई हार रहे हैं और जिनकी ‘चोरी’ उजागर हो गई है, वे विपक्ष के नेता को चुप कराने के लिए ‘षड्यंत्र’ रच रहे हैं.
विपक्षी पार्टी ने आरएसएस की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रिंटू महादेव द्वारा राहुल गांधी को दी गई जान से मारने की धमकी को उजागर किया है. कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने सोमवार को आरोप लगाते हुए कहा कि, बीजेपी के एक प्रवक्ता ने टीवी पर राहुल गांधी के सीने में गोली मारने की बात कही. उन्होंने कहा कि, बीजेपी प्रवक्ता के इस बयान पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है.
साजिश की बू आ रही है
उन्होंने कहा कि इसमें साजिश की बू आ रही है और पूछा कि यह साजिश कौन रच रहा है. उन्होंने कहा, “ये वही लोग हैं जो वैचारिक लड़ाई हार रहे हैं, जिनके पास विचारों के हथियार नहीं हैं, जिससे वे विपरीत विचारों को परास्त कर सकें. उन्होंने कहा कि, इस साजिश का पर्दाफाश होना चाहिए. खेड़ा ने कहा कि, पहले भाजपा ने गालियों से राहुल गांधी को चुप कराने की कोशिश की और अब आप उन्हें गोलियों से धमका रहे हैं.”
कांग्रेस ने बीजेपी पर साधा निशाना
पवन खेड़ा ने एक वीडियो बयान में भाजपा पर गांधी द्वारा लगाए गए वोट चोरी के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा इस तथ्य को पचा नहीं पा रही है कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक के लोग गांधी द्वारा उठाए गए मुद्दों की ओर आकर्षित हो रहे हैं. उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि, आपकी चोरी रंगे हाथों पकड़ी गई है, अब आप जानते हैं कि आपका समय बीत चुका है.
उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस ऐसे लोगों को हिंसा का सहारा नहीं लेने देगी. देश जानता है कि यह साजिश कौन रच रहा है और उसका सार क्या है. एक्स पर अपने पोस्ट में, कांग्रेस नेता ने कहा, “जब भी आरएसएस भारत की विचारधारा को हराने में विफल रहता है, उनके कार्यकर्ता शारीरिक हिंसा का सहारा लेते हैं और एक गोडसे गांधी की हत्या कर देता है.
उन्होंने कहा कि, अब जब भाजपा वैचारिक लड़ाई हार रही है, तो उनके प्रवक्ता और नेता राहुल गांधी को मारने की धमकी दे रहे हैं. खेड़ा ने कहा कि, लाखों गरीबों, हाशिए पर पड़े और कमजोर वर्गों की आवाज दबाने की साजिश चल रही है. उन्होंने आगे कहा कि, राहुल गांधी को चुप कराने की साजिश चल रही है.








