गुरुग्राम: झाड़सा चौक पर शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ. तेज रफ्तार थार गाड़ी नियंत्रण से बाहर होकर डिवाइडर से टकरा गई. यूपी नंबर (UP 81 CS 2319) की थार दिल्ली से झाड़सा चौक के एग्जिट नंबर 9 की ओर आ रही थी. अचानक चालक ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया और थार सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी. टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए.
मौके पर पांच की मौत, एक की हालत गंभीर: हादसे में गाड़ी में सवार छह लोगों में से पांच की मौके पर ही मौत हो गई. मरने वालों में दो युवक और तीन युवतियां शामिल हैं. हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे तुरंत गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया.
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की: जैसे ही हादसे की जानकारी मिली, गुरुग्राम पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इसके साथ ही दुर्घटना के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी गई है. गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक “सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, जिसमें ड्राइवर की हालत, गाड़ी की तकनीकी स्थिति और गति का आकलन शामिल है. “








