बिहार चुनाव को लेकर पटना में CWC की बैठक, तेलंगाना की तरह जीत की बनेगी रणनीति

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पटना: आजादी के बाद पहली बार प्रदेश कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम पटना में CWC की बैठक होने जा रही है. बिहार के साथ साथ अन्य राज्य के नेता इस बैठक में शामिल होंगे.

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मीटिंग से एक दिन पहले ही पटना पहुंच चुके हैं. कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, कर्नाटक के मुख्यमंत्री एस सिद्धारमैया, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल मुख्य रूप से शामिल होंगे. सभी कार्यसमिति के सदस्यों के अलावा सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, विधायक दल के नेता और सभी फ्रंटल के पदाधिकारी समेत अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे.

वोट चोरी से बनी सरकार पेपर लीक करवाएगी: कन्हैया कुमार

कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने कहा कि जब हम संविधान और लोकतंत्र को बचाने की बात करते हैं, तब हमारी राय एकदम स्पष्ट है कि जो सरकार वोट चोरी से बनेगी वह पेपर लीक करवाएगी. महंगाई को नहीं रोकेगी. जब चोर सरकार चलाएंगे तो गुंडागर्दी करने वालों का मनोबल बढ़ेगा. इसलिए वोट चोरी से लड़ने का मतलब लोकतंत्र को बचाना, लोगों को रोजगार देना और पलायन को रोकना है.

शाम 4 बजे प्रेस कांफ्रेंस करेगी कांग्रेस

बैठक के बाद कांग्रेस की ओर से प्रेस कांफ्रेंस किया जाएगा. शाम 4 बजे पटना के चाणक्य होटल में इंडिया गठबंधन का संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस होगा. इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी तेजस्वी यादव, दीपांकर भट्टाचार्य, मुकेश सहनी सी.पी.एम. और सीपीआई के प्रतिनिधि शामिल होंगे. इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन की आगे की रणनीति के बारे में जानकारी दी जाएगी.

बिहार में आजादी के बाद पहली बार होने जा रही CWC की बैठक..

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार सदाकत आश्रम में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक होने जा रही है. बिहार में आजादी से पहले 1912 में पटना और 1922 में गया में कांग्रेस का अधिवेशन हुआ था. सीडब्ल्यूसी की बैठक में SIR के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा. उन्होंने कहा कि देश मे लोकतंत्र पर खतरा हो गया है और कांग्रेस उसकी लड़ाई लड़ रही है. वोट चोरी को रोकने के लिए कांग्रेस पार्टी आज संघर्ष कर रही है. कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में रोजगार, आरक्षण, संविधान बचाने एवं वोट चोरी के मुद्दे पर विशेष रूप से चर्चा होगी

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial