इंदौर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज यानि 17 सितंबर को मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगे. वे दिल्ली से इंदौर होते हुए दोपहर लगभग 12 बजे धार में ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ और ‘आठवें राष्ट्रीय पोषण माह’ अभियान का शुभारंभ करेंगे. इस दौरान प्रधानमंत्री अपने जन्मदिन के अवसर पर कई अन्य कार्यों का शिलान्यास और शुभारंभ भी करेंगे. इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे.
1 लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविर का होगा आयोजन
दरअसल, 17 सितंबर को अपने जन्मदिन के अवसर पर प्राधनमंत्री नरेंद्र मोदी ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ और ‘आठवें राष्ट्रीय पोषण माह’ अभियान का शुभारंभ करेंगे. यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक देश भर के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), जिला अस्पतालों और अन्य सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं में आयोजित किया जाएगा. इस अभियान के अंतर्गत एक लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
सुमन सखी चैटबॉट का होगा शुभारंभ
प्रधानमंत्री मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए सुमन सखी चैटबॉट का शुभारंभ करेंगे. यह चैटबॉट ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं को समय पर और सटीक जानकारी प्रदान करेगा, जिससे उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित होगी. प्रधानमंत्री सिकल सेल एनीमिया के विरुद्ध राष्ट्र की सामूहिक लड़ाई को आगे बढ़ाते हुए राज्य के लिए एक करोड़वां सिकल सेल स्क्रीनिंग और परामर्श कार्ड वितरित करेंगे.
आदि सेवा पर्व का शुभारंभ करेंगे मोदी
प्रधानमंत्री आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत, मध्य प्रदेश के लिए ‘आदि सेवा पर्व’ का शुभारंभ करेंगे, जो जनजातीय गौरव और राष्ट्र निर्माण की भावना के संगम का प्रतीक होगा. इस पहल में जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कौशल विकास, आजीविका संवर्धन, स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण पर केंद्रित सेवा-उन्मुख कार्यकलापों की एक श्रृंखला शामिल होगी. जनजातीय ग्राम कार्य योजना और जनजातीय ग्राम विजन 2030 पर विशेष बल दिया जाएगा, जिसका उद्देश्य प्रत्येक गांव के लिए दीर्घकालिक विकास रोडमैप तैयार करना है.
पीएम मित्र पार्क का उद्घाटन
अपने 5 एफ विजन-खेत से फाइबर, फाइबर से फैक्ट्री, फैक्ट्री से फैशन और फैशन से विदेश – के अनुरूप, प्रधानमंत्री धार में पीएम मित्र पार्क का उद्घाटन करेंगे. 2,150 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले इस पार्क में कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट, सौर ऊर्जा संयंत्र, आधुनिक सड़कें आदि जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जो इसे एक आदर्श औद्योगिक टाउनशिप बनाएंगी. इससे क्षेत्र के कपास उत्पादकों को भी अत्यंत लाभ होगा क्योंकि इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और उन्हें उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा.










