आगरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के आवास पर जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने सीईसी के आवास पर वोट चोर निवास लिखा पोस्टर लगाने की कोशिश की। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोका तो आधे घंटे तक धक्कामुक्की और तीखी नोकझोंक हुई। इस दाैरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ ही पुलिसकर्मी भी गिर पड़े, जिसमें कुछ लोगों को मामूली चोट आई। पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को शांत कराया।
बिहार में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमित सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विजय नगर स्थित आवास पर वोट चोर लिखा पोस्टर लगाने का एलान किया। करीब एक बजे सीईसी के आवास की ओर करीब 200 मीटर पहले से ही कार्यकर्ता वोट चोर, आगरा छोड़, मुख्य चुनाव आयुक्त भाजपा कार्यकर्ता… लिखे पोस्टर और तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए बढ़े।
पुलिस ने कार्यकर्ताओं को घर से कुछ दूर पहले रोकने की कोशिश की। नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता जबरन गेट के नजदीक तक पहुंच गए। इस पर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए और फिर कार्यकर्ताओं को धक्का देना शुरू कर दिया। इससे कई कार्यकर्ता और पुलिसकर्मी भी गिर गए। इससे आक्रोशित होकर कांग्रेसी धरने पर बैठ गए।
जानकारी पर एसटीएफ और पुलिस के बड़े अधिकारी भी पहुंचे। कार्यकर्ताओं से वार्ता कर प्रदर्शन समाप्त कराया। 










