यूपी विधानसभा में पूजा पाल को सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ़ करना भारी पड़ गया। समाजवादी पार्टी ने पार्टी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में पार्टी से निष्कासित कर दिया है। अब वह सपा के किसी भी कार्यक्रम में भाग नहीं ले सकेंगी। पूजा पाल ने कहा कि जब मैं इस लड़ाई से थकने लगी तब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुझे न्याय दिलाया और अतीक अहमद को मिट्टी में मिलाया. पूजा पाल का ये बयान सुर्खियों में बना हुआ है. पूजा पाल ने भाषण के दौरान कहा कि ‘मुख्यमंत्री ने प्रयागराज में जीरो टॉलरेंस जैसी नीतियां लागू करके मुझ जैसी कई महिलाओं को न्याय दिलाया जिसके कारण अतीक अहमद जैसे अपराधी मारे गए. आज पूरा प्रदेश मुख्यमंत्री की ओर भरोसे से देखता है, ‘मेरे पति के हत्यारे अतीक अहमद को मुख्यमंत्री ने मिट्टी में मिलाने का काम किया’… मैंने तब आवाज उठाई जब मैंने देखा कि कोई भी अतीक अहमद जैसे अपराधियों के खिलाफ लड़ना नहीं चाहता, जब मैं इस लड़ाई से थकने लगी तब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुझे न्याय दिलाया।
बताया जाता है कि सपा नेता उनके इस बयान से असहज थे क्योंकि वो प्रदेश में कानून व्यवस्था के मुद्दे पर योगी सरकार को घेरने का काम करते हैं। यूपी के मानसून सत्र में भी नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए और कहा कि अपराधियों का जाति और धर्म देखकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
निष्कासन के लिए जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि पूजा पाल के द्वारा किया गया कार्य पार्टी विरोधी और गंभीर अनुशासनहीनता है। अत: उन्हें तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया जाता है। उन्हें सपा के सभी पदों से भी हटा दिया गया है अब वह पार्टी के किसी भी कार्यक्रम और मीटिंग में हिस्सा नहीं ले सकेंगी और न ही उन्हें आमंत्रित किया जाएगा।
भावुक नजर आईं पूजा पाल, बोलीं- सच कहना गलत नहीं कि मेरे दुश्मनों को खत्म किया गया
सपा से निकाले जाने के बाद विधायक पूजा पाल भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि मेरे पति की हत्या की अतीक अहमद ने की थी और फिर योगी सरकार ने मुझे न्याय देते हुए अतीक अहमद को सजा दी। ये कहना गलत नहीं है कि मुझे न्याय मिला है। मैं मुलायम सिंह यादव के समय से सपा से नहीं जुड़ी थी। मुझे लगा कि अखिलेश यादव अपराधियों से नफरत करते हैं इसलिए सपा में शामिल हुई थी। ये बात सच है कि मेरे दुश्मनों को खत्म किया गया है।










