देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी का निधन हो गया है। भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन पर उत्तराखंड में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। इससे जुड़ा आदेश भी जारी कर दिया गया है। इस दौरान तीन दिनों तक समस्त जनपदों में सरकारी ऑफिस बंद रहेंगे। साथ ही राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे।
तीन दिन के राजकीय शोक के दौरान कोई भी शासकीय मनोरंजन के कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी की अंत्येष्टि 20 मई को पुलिस सम्मान के साथ संपन्न कराई जाएगी। अंत्येष्टि के दिन राज्य सरकार के सभी कार्यालय बंद रहेंगे।
राष्ट्रपति, पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनके निधन पर शोक जताया है। इसके साथ ही उत्तराखंड कांग्रेस के दिग्गज नेता हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियान ने भी भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन को प्रदेश के लिए बड़ी क्षति बताया है।
पीएम मोदी ने बीसी खंडूड़ी को याद करते हुए लिखा- उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खण्डूडी (सेवानिवृत्त) जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है।सशस्त्र बलों से लेकर राजनीतिक जगत में उन्होंने बहुमूल्य योगदान दिया, जिसके लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा।
उत्तराखंड के विकास के लिए वे हमेशा समर्पित रहे, जो मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल में भी साफ तौर पर दिखा। केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उनका कार्यकाल हर किसी को प्रेरित करने वाला है। देशभर में कनेक्टिविटी की बेहतरी के लिए उन्होंने निरंतर अथक प्रयास किए।शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति!









