बेंगलुरु: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु के केएसआर रेलवे स्टेशन पर रविवार को तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर ट्रेन सेवा की शुरुआत की. इसमें बेंगलुरु से बेलगावी, अमृतसर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा और नागपुर (अजनी) से पुणे जाने वाली ट्रेनें शामिल हैं. इसके साथ ही बेंगलुरु मेट्रो के येलो लाइन का उद्घाटन किया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को कर्नाटक के एक दिवसीय दौरे पर बेंगलुरु में कई प्रमुख बुनियादी ढांचा और परिवहन परियोजनाओं का उद्घाटन किया. इससे पहले पीएम मोदी ने चार राज्यों के लिए तीन नई भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई. जिन रूटों पर ये ट्रेने चलेंगी उनमें बेंगलुरु-बेलगावी सेवा और अमृतसर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा और नागपुर (अजनी)-पुणे मार्गों का वर्चुअल उद्घाटन शामिल है. इन ट्रेनों से देश के विभिन्न हिस्सों में कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है. इससे भारत का हाई-स्पीड रेल नेटवर्क और मजबूत होगा.
पीएम मोदी ने बेंगलुरु मेट्रो के येलो लाइन का उद्घाटन किया
पीएम मोदी ने नम्मा मेट्रो की बहुप्रतीक्षित येलो लाइन का उद्घाटन किया. ये रागीगुड्डा (आरवी रोड) से इलेक्ट्रॉनिक सिटी तक फैली हुई है. बेंगलुरु मेट्रो फेज-2 परियोजना के तहत आरवी रोड (रागीगुड्डा) से बोम्मासंद्रा तक येलो लाइन की लंबाई 19 किलोमीटर से अधिक है. इसमें 16 स्टेशन हैं. इस पर लगभग 7160 करोड़ रुपये की लागत आई है.

पीएम मोदी ने रविवार को तीन वंदे भारत ट्रेनों केएसआर बेंगलुरु-बेलगावी वंदे भारत एक्सप्रेस, श्री माता वैष्णो देवी कटरा-अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रेस और नागपुर (अजनी)-पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई. ये नई शुरू की गई ट्रेनें कर्नाटक, महाराष्ट्र, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में मदद करेंगी.
वंदे भारत ट्रेन सेवाओं की शुरुआत से इन शहरों और रास्ते में पड़ने वाले कस्बों के बीच काम, व्यवसाय, पढ़ाई और पर्यटन के लिए यात्रा करने के इच्छुक यात्रियों की एक बड़ी आबादी को बहुत लाभ होगा. यह व्यापारियों, छात्रों, नियमित यात्रा और विशेष यात्राओं पर जाने वाले कर्मचारियों के लिए फायदेमंद होगी और व्यापार और वाणिज्य के अवसरों को बढ़ाने के अलावा पर्यटन को भी बढ़ावा देगी.










