देवभूमि उत्तराखंड में बीते दिन से मूसलाधार बारिश का दौर जारी है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. उत्तरकाशी में बादल फटने की घटना सामने आई है. यहां धराली में भीषण नुकसान हुआ है. मलबे के सैलाब में कई लोग दबे हैं. वहीं, मौसम विभाग की ओर से लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है. उत्तराखंड में बीते दिन से भारी बारिश से लोगों के लिए खासा मुसीबत भरे दिन और रात गुजर रहे हैं. प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश देखने को मिल रही है. प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के चलते सड़कों पर जलभराव से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं मार्ग पर पत्थर और बोल्डर गिर रहे हैं.बीते दिन कोटद्वार के पास एक बोलेरो वाहन पर बोल्डर गिर गया था, जिसमें दो लोगों की मौत और चार लोग घायल हो गए थे. देहरादून जिले के ऋषिकेश में नीलकंठ से लक्ष्मण झूला आ रही एक पर पहाड़ी से बोल्डर गिर गया था. अगले हिस्से पर बोल्डर गिरने से कार क्षतिग्रस्त हो गई थी. हादसे में कार चालक अमरोहा निवासी मनीष को मामूली चोटें आई, जबकि उनकी पत्नी अंजू और 10 साल की बेटी यशवी सकुशल कार से बाहर निकल गई थी.
उत्तरकाशी धराली आपदा, तीन IAS अधिकारी तैनात
उत्तरकाशी धराली में आपदा के बाद राज्य सरकार एक्शन में हैं. सीएम धामी ने इसे लेकर हाईलेवल मीटिंग की. जिसके बाद उत्तरकाशी धराली आपदा को लेकर 3 आईएएस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है. आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत बचाव कार्य, जिला प्रशासन से संपर्क के लिए तीन अधिकारियों की तैनाती की गई है..
आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे सीएम धामी
सीएम पुष्कर सिंह धामी राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र देहरादून पहुंचे. जहां सीएम धामी ने धराली में आई आपदा के बाद चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली.










