देहरादून: उत्तराखंड में भाजपा मुख्यालय पर मंगलवार को पार्टी की नवगठित प्रदेश कार्य समिति के पदाधिकारियों ने अपना चार्ज संभाल लिया है. बीजेपी ने प्रदेश संगठन की 42 सदस्यीय नई टीम का ऐलान हाल ही में किया है. इस मौके पर प्रदेश कार्यालय पर विधिवत पूजा अर्चना की गई.
उत्तराखंड बीजेपी की नई टीम ने संभाला कार्यभार: उत्तराखंड में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में प्रदेश कार्य समिति की नई टीम अब पूरे नए कलेवर के साथ अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को संभालते हुए तैनात हो गई है. आपको बता दें कि जिस तरह से लंबे इंतजार के बाद आखिरकार उत्तराखंड में प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा हुई थी, लेकिन प्रदेश में पंचायत चुनाव चल रहे थे जिसके बाद प्रदेश कार्य समिति की घोषणा नहीं हो पाई थी. पिछले ही हफ्ते श्राद्ध पक्ष में भाजपा ने अपनी प्रदेश टीम की घोषणा की थी और अब नवरात्रि लगने के बाद प्रदेश के सभी पदाधिकारियों ने भाजपा मुख्यालय पर अपना चार्ज संभाल लिया है.

बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में हुआ हवन पूजन: मंगलवार को भाजपा मुख्यालय पर एक भव्य पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पार्टी के संगठन महामंत्री अजय के साथ तीन प्रदेश महामंत्री जिनमें कि एक महिला महामंत्री भी शामिल हैं, सभी ने इस पूजन कार्यक्रम में भाग लिया. वहीं इस मौके पर कुछ ऐसे कार्यकारिणी के सदस्य जो कि दोबारा से प्रदेश कार्यकारिणी का हिस्सा बने हैं वह भी इस कार्यक्रम में शामिल रहे.
2027 विधानसभा चुनाव में एकजुट रहने के संकल्प: आपको बता दें कि बीजेपी प्रदेश कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण पदों पर प्रदेश महामंत्री के रूप में कुंदन परिहार और तरुण बंसल ने अपने कार्यालय में अपना चार्ज लिया. वहीं प्रदेश में पहली बार महिला महामंत्री के रूप में दीप्ति भारद्वाज ने भी अपने कार्यालय में अपना चार्ज संभाला. वहीं इसके अलावा प्रदेश कार्यालय सचिव के पद पर जगमोहन सिंह रावत ने भी प्रदेश कार्यालय में अपना कार्यभार संभाला. इस दौरान सभी पदाधिकारियों ने एक दूसरे को बधाइयां दी और आगामी 2027 चुनाव के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया.
भाजपा की प्रदेश कार्यशाला आज, मिशन 2027 में हैट्रिक पर होगा मंथन: भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बी एल संतोष की मौजूदगी में आज बुधवार को पार्टी की प्रदेश कार्यशाला होने जा रही है. जिसमें प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष समेत समस्त नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारी, 2027 में मिशन हैट्रिक को लेकर कार्ययोजना पर चर्चा करेंगे.










