बहराइच : जिले में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का मामला सामने आया है. यहां एक मकान नंबर पर बड़ी संख्या में मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट में मिलने से हड़कंप मच गया है. मामले में एडीएम ने जांच के आदेश दिए हैं. चुनाव आयोग की ओर से जिले के निर्वाचन अधिकारी को सौंपी गई सूची में मतदाताओं के नाम का सत्यापन कराए जाने की बात कही गई है. सत्यापन के लिए बीएलओ नियुक्त किए गए हैं.
उत्तर प्रदेश में 2026 में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होने हैं. इसे लेकर निर्वाचन आयोग ने तैयारी शुरू कर दी है. मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य भी तेजी से चल रहा है. जिले में पंचायत चुनाव के लिए 24 लाख 65 हजार 320 मतदाता सूची में शामिल हैं. मगर चुनाव आयोग की ओर से भेजी गई सूची में 3 लाख 42 हजार 965 मतदाता ऐसे हैं, जिनके सत्यापन को लेकर जिले के निर्वाचन अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस सूची के मिलने के बाद निर्वाचन विभाग की कार्यशैली पर भी बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं. जनपद के बलहा ब्लाक के दलजीतपुरवा में मकान नंबर 290 पर 112 मतदाताओं के नाम दर्ज पाए गए हैं. मामले में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश शुक्ला ने बताया कि जिला पंचायत चुनाव में मतदाता सूची में 24 लाख 65 हजार 320 मतदाता सम्मिलित हैं. चुनाव आयोग की ओर से जो सूची उपलब्ध कराई गई है, उसमें 3 लाख 42 हजार 965 मतदाता ऐसे हैं जिनकी जांच नोडल अधिकारी व बीएलओ के माध्यम से कराई जा रही है.
उन्होंने कहा कि अगर इसकी जांच सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी स्तर से होनी है तो उन्हें पत्र लिखा जाएगा. अपर जिलाधिकारी/ उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है. पूरे प्रदेश में अभियान चलाया जा रहा है. पुरानी वोटर लिस्ट से भी मिलान कराया जा रहा है. बलहा मामले की जांच कराई जाएगी. अगर किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसपर एक्शन लिया जाएगा।










