मथुरा: मांट में रहने वाले सुनीत ने नशे की हालत में मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी दी थी. एसपी देहात सुरेश कुमार रावत ने बताया कि वह पारिवारिक जमीन बंटवारे को लेकर परेशान था. गुरुवार को उसने सोशल मीडिया पर हाथ में पिस्टल लेकर धमकी भरा वीडियो पोस्ट किया था. शुक्रवार को घर पर पुलिस को देखकर वह छत पर चढ़ गया और फायरिंग की. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
मांट थाना क्षेत्र गांव हरदयाल में 30 वर्षीय सुनीत उर्फ गटुआ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 25 सितंबर से पहले गोली मारने की धमकी दी थी. उसने कहा था कि इसके बाद वह सुसाइड कर लेगा. मांट थाना क्षेत्र के नगला हरदयाल मजरा जाबरा में रहने वाले सुनीत का ताऊ के बेटे राम प्रकाश से स्कूल की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है. राम प्रकाश ने सुनीत की मां से जमीन का बैनामा कराया था.
सीएम पोर्टल पर शिकायत की थी: सुनीत का कहना है कि मां से धोखे से जमीन का बैनामा कराया गया है. स्कूल की जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद चला आ रहा है. उसने सीएम पोर्टल पर शिकायत भी की. कई अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर लगाये. कोई कार्रवाई नहीं हुई.सुनीत मानसिक रूप से परेशान हो गया और अधिक शराब पीने लगा. गुरुवार रात को सुनीत ने नशे में वीडियो रिकॉर्ड किया. 21 सेकंड के इस वीडियो में उसने अपनी कनपटी पर पिस्टल रखी. उसने सीएम योगी को जान से मारने की धमकी दी. गुरुवार को यह वीडियो सोशल मीडिया में दिखायी दिया, तो पुलिस हरकत में आयी.
युवक ने किया हाईवोल्टेज ड्रामा: वीडियो में धमकी देने वाले को सुनीत का घर ढूंढकर पुलिस शुक्रवार शाम 4 बजे उसके घर पहुंची. पुलिस को देखते ही सुनीत भाग खड़ा हुआ. वह पिस्टल लेकर तीन मंजिल के मकान की छत पर पहुंच गया. वह खुद को गोली मारने की धमकी देने लगा.
पुलिस ने उसके पास जाने की कोशिश की. पुलिस को रोकरने के लिए उसने तीन बार फायरिंग की. एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने सुनीत को बातों में उलझाया. मांट थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर उसे पीछे से पकड़ लिया. एसपी ग्रामीण ने बताया कि सुनीत नशेड़ी है. उसे गिरफ्तार करके FIR दर्ज की गयी है.










