यांगून (म्यांमार): भारत की अंडर-20 महिला फुटबॉल टीम ने रविवार, 10 अगस्त को यांगून के थुवुन्ना स्टेडियम में अपने अंतिम ग्रुप डी मुकाबले में मेजबान म्यांमार को 1-0 से हरा दिया. इस जीत के दम पर भारत ने दो दशकों में पहली बार एएफसी (एशियन फुटबॉल कंफेडरेशन) अंडर-20 महिला एशियाई कप के लिए क्वालीफाई किया है. भारत ने पिछली बार 2006 में एएफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप के लिए क्वालीफाई किया था.
भारतीय महिला फुटबॉल टीम का शानदार प्रदर्शन
भारत की अंडर-20 महिला टीम ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और ग्रुप डी के क्वालीफिकेशन अभियान में अपराजित रही. इस अभियान में उन्होंने इंडोनेशिया (0-0) और तुर्कमेनिस्तान (7-0) के खिलाफ मैच खेले. इसके बाद उन्होंने मेजबान म्यांमार को 1-0 हराया. इस अभियान में उन्होंने एक भी गोल नहीं खाया.
AIFF ने किया इनाम का ऐलान
अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF ) ने अंडर-20 महिला राष्ट्रीय टीम के शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 25,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 22 लाख रुपये) का इनाम देने की घोषणा की है. एआईएफएफ ने भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) के सहयोग से महिला फुटबॉल में जमीनी और युवा ढांचे को मजबूत करने के लिए कई पहल की हैं.
AIFF भारतीय खिलाड़ियों की हर संभव मदद करेगी
एआईएफएफ ने एक बयान में कहा, “भविष्य को देखते हुए, एआईएफएफ अप्रैल 2026 में थाईलैंड में होने वाले एएफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप 2026 के लिए सर्वोत्तम संभव तैयारी सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. महासंघ विस्तारित प्रशिक्षण शिविरों की सुविधा प्रदान करने और टीम के लिए उच्च-गुणवत्ता वाला अंतर्राष्ट्रीय अनुभव सुनिश्चित करने के लिए सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम करेगा.’
फेडरेशन ने आगे कहा, ‘महासंघ का उद्देश्य न केवल खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के माध्यम से शारीरिक और मानसिक रूप से फिट बनाना है, बल्कि उन्हें एशिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ खेलने के लिए तैयार करना भी है. एआईएफएफ के लिए तैयारी मैच खेलने के लिए अच्छे प्रतिद्वंद्वियों की व्यवस्था करने के अवसरों पर भी विचार किया जा रहा है.’










