उत्तराखंड के उत्तरकाशी धराली आपदा का रेस्क्यू ऑपरेशन चौथे दिन भी जारी है. रेस्क्यू कार्य में सेना और आईटीबीपी के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस जुटी हुई है. सरकार युद्धस्तर पर राहत-बचाव कार्य करा रही है. सीएम पुष्कर सिंह धामी ने राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं. साथ ही सीएम धामी ने अपने एक माह के वेतन को आपदा राहत कार्यों में देने की घोषणा की है. सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है. आपदा की इस घड़ी में एकजुट होकर पीड़ितों की सहायता करनी चाहिए. उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वयंसेवी संगठनों एवं आम नागरिकों से क्षमता के अनुसार राहत कार्यों में सहयोग करने की अपील की है. धराली आपदा में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि बड़ी संख्या में लोग लापता हैं. बीते दिन 274 लोगों को गंगोत्री एवं आसपास के क्षेत्रों से रेस्क्यू कर हर्षिल लाया गया.
प्रशासन का रेस्क्यू अभियान जारी
गंगनानी से 3 किमी आगे पुल ध्वस्त होने से मार्ग अवरुद्ध है. बीते दिन SDRF टीम ने रोप की सहायता से स्टील तार नदी पार पहुंचाकर पुल का एलाइनमेंट सुनिश्चित किया. आज टीम ने BRO व PWD के इंजीनियरों और मजदूरों को टूटे हुए पुल के कारण सड़क से रोप द्वारा नीचे उतारकर नदी के रास्ते सुरक्षित पार कराया. प्रभावित क्षेत्रों में SDRF टीमें लगातार बचाव व सहयोग कार्य कर रही है. धराली हर्षिल से आपदा प्रभावितों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत बचाव अभियान जारी है. उत्तरकाशी में मातली तथा चिन्यालीसौड़ में हेलीपैड पर रेस्क्यू किए गए लोगों को लाया जा रहा है. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें इनके गंतव्य के लिए भेजा जा रहा है.
घायलों को किया जा रहा एयरलिफ्ट
उत्तरकाशी धराली आपदा में घायल लोगों को एयरलिफ्ट किया जा रहा है. घायलों को यरलिफ्ट कर मातली हेलीपैड लाया जा रहा है, जिसके बाद घायलों को आगे के उपचार के लिए भेजा जा रहा है. धराली में भारतीय सेना, भारतीय वायु सेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, बीआरओ और स्थानीय प्रशासन द्वारा रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
सीएम धामी ने अधिकारियों को किया निर्देशित
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बीती रात आ
पदा कंट्रोल रूम उत्तरकाशी पहुंचकर जनपद में चल रहे आपदा राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की.सीएम धामी ने धराली आपदा प्रभावित क्षेत्र में जल्द कनेक्टिविटी को सुचारू करने के निर्देश दिये. सीएम धामी ने हर्षिल धराली में बादल फटने से आयी प्राकृतिक आपदा के कारण प्रभावित क्षेत्रों में चलाए जा रहे राहत अभियानों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि राहत सामग्री और बचाव दल की प्रभावित क्षेत्रों में उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए। उन्होंने बादल फटने, भूस्खलन और भारी बारिश के कारण प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उनके लिए भोजन, पानी और चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.










