बेंगलुरु : कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मतदाता सूची में कथित धांधली के मुद्दे पर दावा किया कि यदि चुनाव आयोग इलेट्रॉनिक डेटा मुहैया करा दे तो कांग्रेस यह साबित कर देगी कि नरेंद्र मोदी वोटों की चोरी करके देश के प्रधानमंत्री बने हैं.
राहुल गांधी ने उक्त बातें बेंगलुरु के ‘फ्रीडम पार्क’ में आयोजित ‘वोट अधिकार रैली’ में कहीं. उन्होंने कहा कि इसके लिए जिम्मेदार अफसरों को एक दिन पकड़ लिया जाएगा क्योंकि यह एक अपराधिक कृत्य है.
कांग्रेस नेता ने कहा कि कर्नाटक सरकार को इसकी जांच करने के साथ ही जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए. राहुल ने कहा, “संविधान हर व्यक्ति को एक वोट का अधिकार देता है, उस पर चुनाव आयोग और उसके अधिकारी आक्रमण कर रहे हैं. जो भी अफसर ऐसा कर रहे हैं, वो एक दिन नहीं बचेंगे. हालांकि समय लगेगा लेकिन हम उनको पकड़ेंगे.’’
राहुल ने संविधान की प्रति दिखाते हुए कहा, ‘‘अगर आप इस पर आक्रमण करेंगे तो हम पर आक्रमण करेंगे.’’ कांग्रेस नेता ने कहा, “हमारी मांग है कि चुनाव आयोग पूरे देश की मतदाता सूची को डिजिटल स्वरूप में प्रदान करे और सीसीटीवी फुटेज दे. यदि हमें यह मिलता है तो हम यह साबित कर देंगे कि वोट चोरी सिर्फ कर्नाटक में नहीं, बल्कि पूरे भारत में की गई है.”
राहुल गांधी ने दावा किया कि यदि इलेक्ट्रॉनिक डेटा मिल जाए तो वह यह साबित कर देंगे कि प्रधानमंत्री वोट की चोरी करके इस पद पर काबिज हुए हैं. कांग्रेस नेता ने यह दोहराया कि सिर्फ 25 सीटों की वजह से आज नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं।
इतना ही नहीं उन्होंने कहा, ‘‘पिछले चुनाव में हमारे सामने ये सवाल उठा. लोकसभा चुनाव के बाद महाराष्ट्र का विधानसभा चुनाव हुआ। लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में हमारा गठबंधन जीता लेकिन छह महीने बाद आश्चर्यजनक नतीजे आए.’’ उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में सिर्फ पांच महीने के भीतर एक करोड़ नए मतदाताओं ने वोट दिया और इन सभी ने भाजपा को वोट दिया.
कांग्रेस नेता ने कहा कि चुनाव आयोग से डिजिटल मतदाता सूची और मतदान केंद्रों के सीसीटीवी फुटेज मांगे गए तो उसने इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि इसके बाद बेंगलुरु मध्य लोकसभा सीट के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची का अध्ययन किया गया.
राहुल गांधी ने कहा, “यह साबित हो गया कि लोकसभा चुनाव में कर्नाटक में भाजपा ने वोट की चोरी की है.” उन्होंने दावा किया कि महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र के विश्लेषण से स्पष्ट हो गया है कि हर छह वोट में से एक वोट की चोरी की गई है.
रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, कांग्रेस के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और कई अन्य नेता शामिल हुए.










