नई दिल्ली: आज दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के INDIA ब्लॉक की अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर केंद्र सरकार को घेरना, देशव्यापी आंदोलन की रणनीति तैयार करना और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए दबाव बनाना है।
बैठक में कांग्रेस की तरफ से मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, और राहुल गांधी शामिल हो रहे हैं। इसके अलावा टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी, आरजेडी से तेजस्वी यादव, नेशनल कॉन्फ्रेंस से उमर अब्दुल्ला और वामपंथी दलों के बड़े नेता हिस्सा ले रहे हैं। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव बैठक में नहीं आ रहे हैं। उनकी पार्टी की ओर से और नेता इसमें शामिल होंगे।
इस बैठक में SIR प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर संयुक्त आंदोलन की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जाएगी।
इससे पहले कल कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए उन्हें भारतीय जनता पार्टी की ‘कठपुतली’ कहा था। खड़गे ने मोदी सरकार पर पिछले 12 सालों में सिस्टमैटिक और साज़िश के तहत डेमोक्रेटिक बुनियाद को खोखला करने का आरोप लगाया था।








