भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा उपचुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। नंदीग्राम जैसी हाई-प्रोफाइल सीट से हासीरानी रथ को अपना उम्मीदवार बनाया है। हासीरानी रथ, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत PA चंद्रनाथ रथ की मां हैं। वहीं बीजेपी ने रेजीनगर विधानसभा सीट से सखराव सरकार को चुनाव मैदान में उतारा है।
रथ परिवार का शुभेंदु अधिकारी परिवार के साथ लंबे समय से राजनीतिक और व्यक्तिगत संबंध रहा है। यह रिश्ता दो दशक से भी पुराना है। शुभेंदु अधिकारी के राजनीतिक उत्थान के समय से ही रथ परिवार उनके साथ रहा है।
रेजिनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए चुनाव आयोग ने तारीखों का ऐलान कर दिया है। दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 9 अक्टूबर को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। उपचुनाव के लिए उम्मीदवार 16 सितंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 19 सितंबर तक उम्मीदवार अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकेंगे।
हसीरानी रथ का मुकाबला ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले TMC गुट की संचिता प्रधान (डे) से होगा। वहीं, ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी TMC गुट ने मोहम्मद एतेशामुल हक को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने मिलन प्रधान और CPI ने शांति गोपाल गिरि को टिकट दिया है।
वहीं रेजीनगर विधानसभा सीट पर ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले TMC गुट ने पहले ही पूर्व विधायक रबीउल आलम चौधरी को उम्मीदवार घोषित कर दिया था। ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी TMC गुट ने सफीउद्दीन शेख (सफीउज्जमान शेख) को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने मोहम्मद अब्दुल्लाहिल काफी को टिकट दिया है।









