नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पीएम मोदी ने युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। पीएम मोदी ने कहा कि लाल किले से मैं देश के युवाओं के लिए एक घोषणा करना चाहता हूं। हमने तय किया है कि अगले एक साल में हम एक करोड़ युवाओं को AI स्किल्स में ट्रेनिंग देंगे, ताकि हमारे देश के युवाओं में AI की दुनिया में नेतृत्व करने की क्षमता हो।
पीएम मोदी ने कहा कि अलग-अलग परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि स्पोर्ट्स टैलेंट हंट को लेकर गांवों और शहरों में 5 से 15 साल के बच्चों के लिए देशव्यापी अभियान चलाया जाएगा।
पीएम मोदी ने कहा कि 2014 के बाद से 650 नए विश्वविद्यालय बने हैं और मेडिकल सीटों की संख्या दोगुनी हुई है। पीएम ने कहा कि 2004 से 2014 के बीच हमारे देश में 350 से कम विश्वविद्यालय थे। आज, सिर्फ़ 10-12 सालों में लगभग 650 नए विश्वविद्यालय बने हैं, जिससे कुल संख्या 1,000 के करीब पहुंच गई है।
2014 से पहले, केवल 400 के आसपास मेडिकल कॉलेज थे। आज, यह संख्या बढ़कर लगभग 850 हो गई है। इतना ही नहीं, अब विदेशी विश्वविद्यालय भी भारत आ रहे हैं। ऐसे इंतज़ाम भी किए गए हैं जिनसे हमारे युवा यहीं भारत में विदेशी विश्वविद्यालयों से डिग्री हासिल कर सकें।
पीएम ने कहा कि हमने भारत के युवाओं के लिए कई नए रास्ते खोले हैं। आपने ‘स्टार्टअप इंडिया’ की शुरुआत देखी है। 28 साल की औसत उम्र वाले युवा उद्यमियों ने सैटेलाइट और रॉकेट लॉन्च किए हैं और अपनी पहली ही कोशिश में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। आज, भारत में 2.5 लाख से ज़्यादा रजिस्टर्ड स्टार्टअप हैं। हाल ही में, हमने AI इम्पैक्ट समिट का भी आयोजन किया।









