नई दिल्ली: देशभर में आज आजादी का जश्न मनाया जा रहा है। देश आज अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी ने आज, 15 अगस्त 2026 को भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर दिल्ली के लाल किले की प्राचीर से लगातार 13वीं बार राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया है।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पीएम मोदी सुबह राजघाट पहुंचे। उन्होंने महात्मा गांधी की समाधि पर फूल चढ़ाए और उन्हें याद किया। इसके बाद पीएम लाल किले पहुंचे। लाल किले पर पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने तिरंगा फहराया।
इस बार लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने के दौरान पहली बार राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ गाया गया, जिसने इस उत्सव को और भी खास बना दिया। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने पर लाल किले में पहली बार इसका गायन हुआ।
ध्वजारोहण के फ़ौरन बाद भारतीय वायु सेना के दो Mi-17 हेलीकॉप्टरों ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों पर फूलों की बारिश की। तिरंगा फहराने के साथ ही स्वदेशी 105mm लाइट फील्ड गन से राष्ट्रध्वज को पारंपरिक 21 तोपों की सलामी दी गई।
इस साल स्वतंत्रता दिवस की थीम ‘विकसित भारत@2047 के लिए युवा शक्ति’ और ‘वंदे मातरम के 150 वर्ष’ रखी गई है। पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि आजादी के बाद पहली बार लाल किले से वंदे मातरम की आवाज सुनाई दे रही है। इस मौके पर देशभर में आजादी के साथ-साथ राष्ट्रीय गीत के 150 साल पूरे होने का उत्सव भी मनाया जा रहा है।









