नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने झारखंड सरकार को लेकर बड़ा बयान दिया है। राहुल गांधी ने छात्रों के खिलाफ इस्तेमाल हुए बल प्रयोग की निंदा की है। राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों पर बल प्रयोग करना गलत है। छात्रों को शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार है और बातचीत से ही समाधान निकल सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार को इन छात्रों की बात सुननी चाहिए और हर समस्या का तुरंत समाधान करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्रों के लिए मेरा संदेश साफ है कि शांतिपूर्ण ढंग से विरोध कर रहे छात्रों के ख़िलाफ़ किसी भी तरह की हिंसा की निंदा करते हैं। इससे कोई फ़र्क नहीं पड़ता कि यह कहाँ हो रहा है, हम इसकी निंदा करते हैं, हम इसके ख़िलाफ़ हैं, जब तक प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है, तब तक उस प्रदर्शन पर हिंसात्मक कार्रवाई करना, हम इसके खिलाफ हैं और इसकी निंदा करते हैं।
बता दें कि झारखंड में JPSC-JSSC की भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों को लेकर छात्र विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को छात्रों ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया इसी दौरान प्रदर्शनकारी और पुलिस आमने सामने आ गए। भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा और पुलिस को हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा।









