नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर से पीएम नरेंद्र मोदी को इस बात पर बहस करने की चुनौती दी है कि कौन देशद्रोही है और कौन विदेशी ताकतों के इशारे पर चल रहा है।
पीएम मोदी की “दिमागी नक्सल” वाली टिप्पणी पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि CRPF के जवान उनके “झूठ” पर यकीन नहीं करते। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने “हमें नक्सल कहा”, लेकिन बहस के बाद, पीएम मोदी में “फिर से एक भी जवान के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं होगी”।
राहुल ने एक्स पर पोस्ट में लिखा , प्रिय @crpfindia के जवानों, आपके चेहरों ने सब बता दिया – आपको प्रधानमंत्री के झूठ पर भरोसा नहीं। उन्होंने हमें नक्सली कहा। मेरी चुनौती कायम है, वो मुझसे बहस करें – देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन चल रहा है। कोई भी समय, किसी भी जगह।मेरी गारंटी: उस बहस के बाद प्रधानमंत्री में एक भी जवान के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं होगी।
राहुल गांधी बार-बार प्रधानमंत्री मोदी को उनके साथ खुली बहस करने की चुनौती दे रहे हैं। राहुल ने “गारंटी” दी है कि पांच मिनट में यह साबित हो जाएगा कि पीएम “देशद्रोही” हैं।
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर में एक CRPF कैंप में सुरक्षाकर्मियों के साथ दिवाली मनाते हुए कहा था कि बस्तर से नक्सली तो खत्म हो गए हैं लेकिन दिमागी नक्सली अभी मौजूद हैं हमें ऐसे तत्वों की पहचान कर उन्हें हराना होगा और देश को सुरक्षित करना होगा।









