उत्तराखंड: चमोली जिले की नीती घाटी से खौफनाक तस्वीरें सामने आई है। जहां नीती घाटी जाने वाले तमक नाले में अचानक जलसैलाब आ गया। जिसमें वैली ब्रिज बह गया। इसके साथ ही एक वाहन भी बह गया। वहीं, रेस्क्यू टीमें मौके के लिए रवाना हो गई हैं।
अचानक आए तेज पानी और मलबे ने देखते ही देखते इलाके में भारी नुकसान कर दिया। पानी का बहाव इतना तेज था कि नाले पर बना वैली ब्रिज भी इसकी चपेट में आकर बह गया। इतना ही नहीं आसपास खड़ी गाड़ी भी तेज बहाव में बहती नजर आईं। कुछ ही पलों में नाले ने ऐसा रौद्र रूप लिया कि आसपास का पूरा इलाका मलबे और पानी की चपेट में आ गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। प्रशासन, आपदा प्रबंधन टीम, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ समेत संबंधित विभागों की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं।
वैली ब्रिज बहने की घटना का मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से घटना की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निचले क्षेत्रों में आवश्यक एहतियाती कदम उठाने, संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्थिति सामान्य होने तक प्रभावित मार्ग पर आवाजाही प्रतिबंधित रखने के निर्देश दिए है।
सीएम धामी ने वैली ब्रिज बहने के कारण आसपास के गांवों में राशन, खाद्य सामग्री, दवाइयों एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन को विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों से ग्रामीणों तक आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।









