अयोध्या: राम मंदिर चंदा चोरी विवाद के बीच बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे और श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी के मामले पर कहा कि यह “पाप नहीं, बल्कि महापाप” है । उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े धन में किसी भी प्रकार की हेराफेरी गंभीर अपराध है और इसके दोषियों को भगवान के साथ-साथ कानून भी दंड देगा।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे में भक्तों द्वारा भगवान के चरणों में अर्पित किए गए दान में गड़बड़ी करना बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच (SIT) कर रही है और उन्हें जांच एजेंसी, सरकार तथा देश की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। उन्होने कहा कि जांच पूरी होने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि जिन्होंने यह कृत्य किया है, उन्हें भगवान भी दंड देंगे और सरकार भी कानून के तहत उचित कार्रवाई करेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखें और अफवाहों से बचें।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय केवल कलियुग नहीं, बल्कि “छलयुग” बन गया है, जहां लोगों को हर प्रकार के छल और धोखे से सावधान रहने की आवश्यकता है। उन्होंने आगे कहा कि समाज में संतों, महंतों, मठों और मंदिरों के प्रति लोगों की आस्था को कमजोर करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। इसलिए समाज को जागरूक रहकर सत्य और धर्म के पक्ष में खड़ा होना चाहिए।









