चंपावत: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने आज चंपावत को बड़ी सौगात दी है। धामी ने 123.79 करोड़ रुपए की लागत वाली17 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।इस दौरान सीएम धामी ने जिम कॉर्बेट ट्रेल के उद्घाटन के साथ प्रस्तावित सिटी सेंटर का भूमि पूजन किया और कहा कि चम्पावत को उत्तराखंड का मॉडल जनपद बनाना उनकी सरकार का संकल्प है।
जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में ₹27.79 करोड़ की लागत से पूर्ण हुई 8 विकास योजनाओं का लोकार्पण व ₹96 करोड़ की लागत से बनने वाली 9 नई योजनाओं का शिलान्यास किया।इस दौरान सीएम धामी ने लगभग ₹3.50 करोड़ की लागत से विकसित जिम कॉर्बेट ट्रेल का भी शुभारंभ किया।
सीएम ने कहा कि सरकार का मक़सद सिर्फ़ सड़क और भवन बनाना नहीं, बल्कि ऐसा चम्पावत विकसित करना है, जहां युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों को समृद्धि और व्यापारियों को नए अवसर मिलें। उन्होंने बताया कि चम्पावत नगर में ₹62.33 करोड़ की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग व शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) का निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगभग ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज व ₹58.52 करोड़ की लागत से साइंस सेंटर की स्थापना की जा रही है।









